Saturday 19 May 2018

Dainik Bhaskar Survey on 4-Yr Modi Govt. - 85%+ People Believe that Modi will Re-elected in 2019

2019 के चुनावी फ्रेम में मोदी की योजनाएं और काम कितने फिट?

- पिछली बार भास्कर सर्वे में मोदी सरकार के कामकाज को दस में से सात अंक मिले थे।

नई दिल्ली.मोदी सरकार के चार साल के कामकाज पर देश के सबसे बड़े सर्वे के नतीजे आ चुके हैं। भास्कर सर्वे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता उभरकर सामने आई है। हालांकि, बढ़ती महंगाई और घटती नौकरियां आम लोगों की नाराज़गी का सबसे बड़ा कारण बनकर उभरे। सर्वे में हिस्सा लेने वाले 70% लोगों के अनुसार मोदी अब भी लोकप्रिय हैं। इनमें से 47% के अनुसार तो वे इस समय 2014 से भी ज्यादा लोकप्रिय हैं। महंगाई और घटती नौकरियों को 54% लोगों ने सरकार की सबसे बड़ी विफलता के रूप में चुना है। 2 लाख 81 हजार 292 पाठकों ने भास्कर सर्वे में हिस्सा लिया। सर्वे में प्राप्त जानकारियों का आकलन प्रोफेशनल सर्वे एजेंसी मार्केट सेपियंस ने किया है।

85% ने माना - मोदी 2019 में दोबारा सरकार बना लेंगे

- सर्वे में 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से दुष्कर्म के अपराधियों को फांसी देने के फैसले को 80% लोगों ने सराहा। 85 फीसदी लोगों का मानना है कि मोदी 2019 में होने वाले आम चुनाव में दोबारा सरकार बना लेंगे। 53 फीसदी का मानना है कि विपक्ष अगर एकजुट भी हो जाए तो भी मोदी को हरा नहीं पाएगा। यूं ओवरऑल देखा जाए तो मोदी के चार सालों में सबसे बड़ा काम सर्जिकल स्ट्राइक रहा। सर्वाधिक 82 फीसदी लोगाें ने इसे अच्छा बताया।

- वहीं एक अन्य प्रमुख सवाल के जवाब में 52 फीसदी लोगों ने कहा- राहुल गांधी पहले के मुकाबले ज्यादा परिपक्व हुए हैं, हालांकि इनमें 22 फीसदी लोग ही ऐसे हैं जो मानते हैं कि वे मोदी को टक्कर दे सकते हैं। ट्रिपल तलाक का खात्मा प्रधानमंत्री मोदी के लिए मुस्लिम भरोसे का आधार बना। 68 फीसदी लोग मानते हैं कि इस बड़े कदम के जरिए मोदी ने मुस्लिम महिलाओं का भरोसा जीता है।

7 बड़े कदमों और 6 बड़ी योजनाओं पर क्या है लोगों की राय

- सर्वे में मोदी सरकार के ओवरऑल काम को काफी सराहा गया। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में विदेश में देश की साख बढ़ने को 56% लोगों ने पसंद किया। वहीं, महंगाई न रोक पाना और बेरोजगारी को 54% लोग मोदी सरकार की सबसे बड़ी विफलता मानते हैं।
- मोदी की 6 बड़ी योजनाओं में सबसे पीछे मुद्रा योजना और स्मार्ट सिटी रही। स्वच्छ भारत योजना को जहां सबसे अधिक 90%, वहीं मुद्रा योजना को सबसे कम 58% लोगों ने पसंद किया। स्मार्ट सिटी को 11% और मुद्रा योजना को 21% लोग जानते ही नहीं। मुद्रा योजना को न जानने वालों में कारोबारियों की संख्या (16%) काफी अधिक रही। वहीं, उज्ज्वला योजना से 11% लोग अनजान है।
- मोदी सरकार के इन चार साल के सबसे बड़े 7 कदमों में सबसे अधिक 82 फीसदी लोगों ने सर्जिकल स्ट्राइक को पसंद किया। 2017 के सर्वे में भी सबसे अधिक 83% लोगों ने सर्जिकल स्ट्राइक पर खुशी जाहिर की थी। वहीं दूसरे नंबर पर 12 साल से कम की बच्चियों से दुराचार करने वालों को फांसी के प्रावधान को पसंद किया गया। 80% लोगों ने इसे सराहा। तीसरे नंबर पर तीन तलाक खत्म करने का फैसला रहा।
- नोटबंदी और जीएसटी का विरोध अब पहले से कम हो गया है। 2017 के सर्वे में 52% लोगों ने नोटबंदी के तरीके पर नाराजगी जाहिर की थी और 57% ने जीएसटी को अच्छा माना था। इस सर्वे में 64% लोगों ने नोटबंदी को सफल बताया, वहीं 70% ने जीएसटी को सफल माना है।

जिस सवाल पर सबसे ज्यादा लोगों ने जवाब दिए

मोदी की लोकप्रियता?

- सर्वाधिक 2,80,136 लोगों ने इस सवाल का जवाब दिया। सबसे ज्यादा राजस्थान से 75,787 लोगों ने इसका जवाब दिया।

सर्वे में हिस्सा लेने वाले

- 18-35 साल के युवाओं ने सबसे ज्यादा सर्वे में हिस्सा लिया है। कुल 61% इसी आयु वर्ग के हैं।
- इनमें 65% ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कैटेगरी के हैं। 36% लोग नौकरीपेशा, 23% कारोबारी और 22% छात्र हैं।

भास्कर सर्वे का टीवी न्यूज पार्टनर

- सर्वे परिणाम भास्कर के टीवी न्यूज पार्टनर एबीपी न्यूज पर भी देख सकते हैं। शुक्रवार शाम 5 बजे, राजधर्म में।

इस तरह हुआ देश का सबसे बड़ा सर्वे

- मोदी सरकार पर भास्कर का यह चौथा सर्वे है। सर्वे के परिणाम इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि ये चुनाव से ठीक साल पूर्व देश के मन की बात को सामने रखते हैं। पहला सर्वे जहां युवाओं पर आधारित था, वहीं दूसरा सर्वे महिलाओं की राय पर आधारित था।
- 2017 में भास्कर ने मोदी सरकार के कामकाज पर देश का सबसे बड़ा सर्वे किया। इसी तरह इस वर्ष 29 राज्यों और सात केन्द्र शासित प्रदेशों में यह सर्वे किया गया।
- पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 38 फीसदी ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। सात दिन चले सर्वे में रेकॉर्ड 2 लाख, 81 हजार 292 पाठकों ने हिस्सा लिया। यह किसी भी अख़बार द्वारा कराए गए सर्वे में हिस्सा लेने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
Source: Bhaskar.com

No comments:

Post a Comment